MVA धारा 198A: सड़क डिजाइन, संनिर्माण और रखरखाव के मानकों का अनुपालन करने में असफल रहना

मोटर यान अधिनियम, 1988 · अध्याय 13: अपराध, शास्तियां और प्रक्रिया

अन्य भाषाओं में भी: English

[198क. सड़क डिजाइन, संनिर्माण और रखरखाव के मानकों का अनुपालन करने में असफल रहना––(1) सड़क के डिजाइन या संनिर्माण या रखरखाव के सुरक्षा मानकों के लिए उत्तरदायी कोई अभिहित प्राधिकारी, संविदाकार, परामर्शी या ग्राही,सड़क डिजाइन, संनिर्माण और रखरखाव के ऐसे मानकों का अनुपालन करेगा, जो केन्द्रीय सरकार द्वारा समय-समय पर विहित किए जाएं ।

(2) जहां उपधारा (1) के अधीन उत्तरदायी किसी अभिहित प्राधिकारी, संविदाकार, परामर्शी या ग्राही द्वारासड़क डिजाइन, संनिर्माण और रखरखाव के मानकों का अनुपालन करने में असफल रहने के परिणामस्वरूप किसी व्यक्ति की मृत्यु या निःशक्तता होती है वहां ऐसा प्राधिकारी या संविदाकार या ग्राही ऐसे जुर्माने से दंडनीय होगा, जो एक लाख रुपए तक का हो सकेगा और उसका संदाय धारा 164ख के अधीन गठित निधि में किया जाएगा ।

(3) उपधारा (2) के प्रयोजनों के लिए, न्यायालय विशिष्ट रूप से निम्नलिखित विषयों को ध्यान में रखेगा, अर्थात् :—

(क) सड़क की विशेषताएं और ऐसे यातायात की प्रकृति और किस्म जिसके सड़क के डिजाइन के अनुसार उसके युक्तियुक्त रूप से उपयोग किया जाना प्रत्याशित था ;

(ख) उस विशेषता की सड़क और ऐसे यातायात द्वारा उपयोग के लिए लागू रखरखाव संन्नियमों का मानक ;

(ग) मरम्मत की वह स्थिति जिसमें सड़क उपयोक्ता उस सड़क को पाए जाने की प्रत्याशा करते हों ;

(घ) क्या सड़क के रखरखाव के लिए उत्तरदायी अभिहित प्राधिकारी यह जानता था या उससे यह जानने की युक्तियुक्त रूप से प्रत्याशा की जा सकती थी कि सड़क के उस भाग की, जिससे कार्रवाई संबंधित है, स्थिति के कारण सड़क का उपयोग करने वालों के खतरे में पड़ने की संभावना थी ;

(ङ) क्या सड़क के रखरखाव के लिए उत्तरदायी अभिहित प्राधिकारी से युक्तियुक्त रूप से यह प्रत्याशा नहीं की जा सकती थी कि वह हेतुक उद्भूत होने से पूर्व सड़क के उस भाग की मरम्मत करे ;

(च) क्या सड़क चिह्नों के माध्यम से सड़क की स्थिति के संबंध में पर्याप्त चेतावनी सूचनाएं प्रदशित की गई थीं ; और

(छ) ऐसे अन्य विषय, जो केन्द्रीय सरकार द्वारा विहित किए जाएं ।

स्पष्टीकरण—इस धारा के प्रयोजनों के लिए, “संविदाकार” पद के अन्तर्गत उप-संविदाकार और ऐसे सभी व्यक्ति सम्मिलित होंगे, जो किसी भी प्रक्रम पर सड़क के भाग के डिजाइन, संनिर्माण और रखरखाव के लिए उत्तरदायी हैं ।]

अध्ययन: व्याख्या और संबंधित सामग्री

केवल संदर्भ के लिए; कानूनी सलाह नहीं। आधिकारिक हिंदी स्रोत (PDF) →

इस अध्याय की अन्य धाराएँ