MVA धारा 185: किसी मत्त व्यक्ति द्वारा या मादक द्रव्यों के असर में होते हुए किसी व्यक्ति द्वारा मोटर यान चलाया जाना

मोटर यान अधिनियम, 1988 · अध्याय 13: अपराध, शास्तियां और प्रक्रिया

अन्य भाषाओं में भी: English

185. किसी मत्त व्यक्ति द्वारा या मादक द्रव्यों के असर में होते हुए किसी व्यक्ति द्वारा मोटर यान चलाया जाना––मोटर यान को चलाते समय या चलाने का प्रयत्न करते समय––

[(क) जिस किसी के रक्त में किसी श्वास विश्लेषक [या किसी अन्य परीक्षण जिसके अंतर्गत प्रयोगशाला परीक्षण भी है, में,] परीक्षण किए जाने पर रक्त के प्रति 100 मिली लीटर में 30 मिलीग्राम से अधिक ऐल्कोहाल पाया जाता है, या]

(ख) जो कोई मादक द्रव्य के असर में इस सीमा तक है कि वह मोटर यान पर समुचित नियंत्रण रखने में असमर्थ है,

वह प्रथम अपराध के लिए कारावास से, जिसकी अवधि छह मास तक की हो सकेगी या जुर्माने से, [जो दस हजार रुपए तक का हो सकेगा], अथवा दोनों से तथा पश्चात्वर्ती अपराध के लिए उस दशा में, जिसमें कि वह *** कारावास से, जिसकी अवधि दो वर्ष तक की हो सकेगी, या जुर्माने से, [जो पन्द्रह हजार रुपए रुपए तक का हो सकेगा], अथवा दोनों से, दण्डनीय होगा ।

[स्पष्टीकरण—इस धारा के प्रयोजनों के लिए, “मादक द्रव्य” पद से “अल्कोहल, प्राकृतिक या कृत्रिम से भिन्न कोई मादक या कोई अन्य प्राकृतिक सामग्री या कोई लवण या ऐसे पदार्थ या सामग्री की निमिति अभिप्रेत है जो इस अधिनियम के अधीन केन्द्रीय सरकार द्वारा अधिसूचित की जाए और इसके अंतर्गत स्वापक ओषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985 (1985 का 61) की धारा 2 के खंड (xiv) और खंड (xxiii) में यथा परिभाषित स्वापक ओषधि और मन:प्रभावी पदार्थ भी हैं ।]

अध्ययन: व्याख्या और संबंधित सामग्री

केवल संदर्भ के लिए; कानूनी सलाह नहीं। आधिकारिक हिंदी स्रोत (PDF) →

इस अध्याय की अन्य धाराएँ