MVA धारा 184: खतरनाक तरीके से मोटर यान चलाना

मोटर यान अधिनियम, 1988 · अध्याय 13: अपराध, शास्तियां और प्रक्रिया

अन्य भाषाओं में भी: English

184. खतरनाक तरीके से मोटर यान चलाना––जो कोई मोटर यान को ऐसी गति से ऐसे तरीके से चलाएगा जो मामले की उन सब परिस्थितियों को, जिनके अन्तर्गत उस स्थान का स्वरूप, हालत और उपयोग भी है, जहां वह यान चलाया जा रहा है तथा उस स्थान में यातायात के परिणाम को जो वास्तव में उस समय है या जिसके होने की युक्तियुक्त रूप से प्रत्याशा की जा सकती है, ध्यान में रखते हुए साधारण जनता के लिए खतरनाक है, [या जो यान के अधिभोगियों, अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं और सड़कों के निकट व्यक्तियों को चेतावनी या संकट का बोध कराता है] वह प्रथम अपराध पर कारावास से, [जिसकी अवधि एक वर्ष तक की हो सकेगी कितु जो छह मास से कम की नहीं होगी या ऐसे जुर्माने से, जो एक हजार रुपए से कम नहीं होगा किन्तु पांच हजार रुपए तक हो सकेगा या दोनों से] और द्वितीय या पश्चात्वर्ती अपराध के लिए उस दशा में, जिसमें कि वह वैसे ही पूर्ववर्ती अपराध के किए जाने के तीन वर्ष के अन्दर किया गया है, कारावास से, जिसकी अवधि दो वर्ष तक की हो सकेगी, या जुर्माने से, [जो दस हजार रुपए तक का हो सकेगा], अथवा दोनों से, दण्डनीय होगा ।

[स्पष्टीकरण—इस धारा के उद्देश्य के लिए—

(क) लाल बत्ती को पार करना ;

(ख) स्टॉप साइन का उल्लंघन करना ;

(ग) गाड़ी चलाते समय हाथ में रखी संसूचना युक्तियों का प्रयोग ;

(घ) विधि के विरुद्ध किसी रीति में अन्य यानों के पास से गुजरना या उनसे आगे निकलना ;

(ङ) यातायात के प्राधिकृत प्रवाह के विरुद्ध चालन करना ;

(च) किसी ऐसी रीति में गाड़ी चलाना, जो उससे बहुत कम है जिसकी किसी सक्षम और सावधान चालक से अपेक्षा की जाएगी और जहां किसी सक्षम और सावधान चालक को यह स्पष्ट होगा कि उस रीति में गाड़ी चलाना खतरनाक होगा,

से ऐसी रीति में चलाना, जो जनता के लिए खतरनाक है, की कोटि में आएगा ।]

अध्ययन: व्याख्या और संबंधित सामग्री

केवल संदर्भ के लिए; कानूनी सलाह नहीं। आधिकारिक हिंदी स्रोत (PDF) →

इस अध्याय की अन्य धाराएँ