MVA धारा 190: असुरक्षित दशा वाले यान का उपयोग किया जाना

मोटर यान अधिनियम, 1988 · अध्याय 13: अपराध, शास्तियां और प्रक्रिया

अन्य भाषाओं में भी: English

190. असुरक्षित दशा वाले यान का उपयोग किया जाना––(1) जो कोई व्यक्ति किसी सार्वजनिक स्थान में ऐसे मोटर यान या ट्रेलर को, उस समय चलाएगा या चलवाएगा या चलाने देगा जब उस यान या ट्रेलर में ऐसी कोई खराबी है जिसकी उस व्यक्ति को जानकारी है या जिसका पता उसे मामूली सावधानी बरतने पर चल सकता था और खराबी ऐसी है कि उससे यान का चलाया जाना ऐसे स्थान का उपयोग करने वाले व्यक्तियों और यानों के लिए खतरे का कारण हो सकता है, वह जुर्माने से, [जो पंद्रह सौ रुपए तक का हो सकेगा] अथवा उस दशा में जिसमें कि ऐसी खराबी के कारण दुर्घटना हो जाती है जिससे शारीरिक क्षति या सम्पत्ति को नुकसान पहुंचता है, कारावास से, जिसकी अवधि तीन मास तक की हो सकेगी, या जुर्माने से, [जो पांच हजार रुपए तक का हो सकेगा], अथवा दोनों से [और पश्चातवर्ती अपराध के लिए ऐसी अवधि के कारावास से, जो छह मास तक का हो सकेगा या शारीरिक क्षति या संपत्ति के नुकसान के लिए दस हजार रुपए के जुर्माने से दंडनीय होगा,] दण्डनीय होगा ।

(2) जो कोई व्यक्ति किसी सार्वजनिक स्थान में कोई मोटर यान ऐसे चलाएगा या चलवाएगा या चलाने देगा जिससे सड़क सुरक्षा, शोर नियंत्रण और वायु प्रदूषण के संबंध में विहित मानकों का उल्लंघन होता है तो वह प्रथम अपराध के लिए [ऐसे कारावास, जिसकी अवधि तीन मास तक की हो सकेगी या ऐसे जुर्माने से जो दस हजार रुपए तक का हो सकेगा या दोनों से और वह तीन मास की अवधि के लिए अनुज्ञप्ति धारण करने के लिए निरहित हो जाएगा], तथा किसी द्वितीय या पश्चात्वर्ती अपराध के लिए [ऐसे कारावास जिसकी अवधि छह मास तक की हो सकेगी या ऐसे जुर्माने से जो दस हजार रुपए तक का हो सकेगा या दोनों से], दंडनीय होगा ।

(3) जो कोई व्यक्ति किसी सार्वजनिक स्थान में कोई मोटर यान ऐसे चलाएगा या चलवाएगा या चलाने देगा जिससे ऐसे माल के वहन से संबंधित जो मानव जीवन के लिए खतरनाक या परिसंकटमय प्रकृति का है, इस अधिनियम के या इसके अधीन बनाए गए नियमों के उपबंधों का उल्लंघन होता है तो वह प्रथम अपराध के लिए जुर्माने से, [जो दस हजार रुपए तक का हो सकेगा और वह तीन मास की अवधि के लिए अनुज्ञप्ति धारण करने के लिए निरहित होगा], या कारावास से, जिसकी अवधि एक वर्ष तक की हो सकेगी, अथवा दोनों से, और किसी द्वितीय या पश्चात्वर्ती अपराध के लिए, जुर्माने से [जो बीस हजार रुपए तक का हो सकेगा] या कारावास से, जिसकी अवधि तीन वर्ष तक की हो सकेगी, अथवा दोनों से, दण्डनीय होगा ।

* * * * * * *

अध्ययन: व्याख्या और संबंधित सामग्री

केवल संदर्भ के लिए; कानूनी सलाह नहीं। आधिकारिक हिंदी स्रोत (PDF) →

इस अध्याय की अन्य धाराएँ