MVA धारा 147: पालिसियों की अपेक्षाएं और दायित्व की सीमाएं

मोटर यान अधिनियम, 1988 · अध्याय 11: मोटर यानों का पर-व्यक्ति जोखिमों के विरुद्ध बीमा

अन्य भाषाओं में भी: English

147.पालिसियों की अपेक्षाएं और दायित्व की सीमाएं—(1) इस अध्याय की अपेक्षाओं का अनुपालन करने के लिए, कोई बीमा पालिसी ऐसी पालिसी होनी चाहिए,—

(क) जो किसी ऐसे व्यक्ति द्वारा, जो प्राधिकृत बीमाकर्ता है दी गई है; और

(ख) जो पालिसी में विनिदिष्ट व्यक्ति या वर्ग के व्यक्तियों का उपधारा (2) में विनिदिष्ट विस्तार तक निम्नलिखित के लिए बीमा करती है,—

(i) किसी व्यक्ति की, जिसके अंतर्गत यान में लाए जाने वाले मालों का स्वामी या उसका प्राधिकृत प्रतिनिधि भी है, मृत्यु या शारीरिक क्षति के संबंध में या सार्वजनिक स्थान पर मोटर यान के उपयोग से कारित या उससे उद्भूत होने वाले किसी पर-पक्षकार की संपत्ति को होने वाले नुकसान के संबंध में उसके द्वारा उपगत दायित्व ;

(ii) किसी परिवहन यान के किसी यात्री, किसी माल यान के नि:शुल्क यात्री को छोड़कर, की मृत्यु या शारीरिक क्षति के, जो सार्वजनिक स्थान पर मोटर यान के उपयोग से कारित या उससे उद्भूत हुई है ।

स्पष्टीकरण—शंकाओं को दूर करने के लिए, यह स्पष्ट किया जाता है कि किसी व्यक्ति की मृत्यु या शारीरिक क्षति या किसी पर-पक्षकार की किसी संपत्ति के नुकसान को इस बात के होते हुए भी कि किसी सार्वजनिक स्थान पर यान के उपयोग से, ऐसा कोई व्यक्ति, जिसकी मृत्यु हुई है या जिसे शारीरिक क्षति पहुंची है या संपत्ति, जिसका नुकसान हुआ है, दुर्घटना के समय सार्वजनिक स्थान में नहीं था, कारित हुआ या उद्भूत हुआ समझा जाएगा, यदि ऐसा कार्य या लोप, जिसके परिणामस्वरूप दुर्घटना हुई, सार्वजनिक स्थान में हुआ था ।

(2) तत्समय प्रवृत्त किसी अन्य विधि में अंतविष्ट किसी बात के होते हुए भी, किसी व्यक्ति की मृत्यु या उस व्यक्ति को हुई घोर उपहति के संबंध में पर-पक्षकार बीमा के प्रयोजनों के लिए, केंद्रीय सरकार, बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण के परामर्श से उपधारा (1) के अधीन किसी बीमा पालिसी के लिए एक आधार प्रीमियम विहित करेगी और साथ ही ऐसे प्रीमियम के संबंध में बीमाकर्ता के दायित्व को भी विहित करेगी ।

(3) कोई पालिसी इस अध्याय के प्रयोजनों के लिए तब तक प्रभावी नहीं होगी और जब तक कि बीमाकर्ता द्वारा ऐसे व्यक्ति, जिसके द्वारा पालिसी ली गई है, के पक्ष में विहित प्ररूप में ऐसा बीमा प्रमाणपत्र जारी न कर दिया गया हो, जिसमें किसी ऐसी शर्त के संबंध में विहित विशिष्टियां अंतविष्ट हों, जिनके अधीन पालिसी जारी की गई है और उसमें अन्य विहित विषय भी अंतविष्ट होंगे ; और भिन्न-भिन्न मामलों में भिन्न-भिन्न प्ररूप, विशिष्टियां और बातें विहित की जा सकेंगी ।

(4) इस अधिनियम में अंतविष्ट किसी बात के होते हुए भी, मोटर यान (संशोधन) अधिनियम, 2019 के प्रारंभ से पूर्व जारी की गई कोई बीमा पालिसी, संविदा के अधीन विद्यमान निबंधनों पर जारी होती रहेगी और इस अधिनियम के उपबंध इस प्रकार लागू होंगे मानो यह अधिनियम उक्त अधिनियम द्वारा संशोधित नहीं किया गया हो ।

(5) जहां इस अध्याय या तद्धीन बनाए गए नियमों या विनियमों के उपबंधों के अधीन किसी बीमाकर्ता द्वारा दिए गए कवर नोट के पश्चात् विनिदिष्ट समय के भीतर बीमा पालिसी जारी नहीं की जाती है, वहां बीमाकर्ता, कवर नोट की विधिमान्यता की अवधि के अवसान के सात दिन के भीतर इस बात को रजिस्ट्रीकरण प्राधिकारी या ऐसे अन्य प्राधिकारी को, जिसे केंद्रीय सरकार विहित करे, अधिसूचित करेगा ।

(6) तत्समय प्रवृत्त किसी अन्य विधि में अंतविष्ट किसी बात के होते हुए भी, इस धारा के अधीन बीमा पालिसी जारी करने वाला कोई बीमाकर्ता, किसी ऐसे दायित्व के संबंध में, जो किसी व्यक्ति या व्यक्तियों के वर्गों की दशा में पालिसी के अंतर्गत आना तात्पयित है, पालिसी में विनिदिष्ट ऐसे व्यक्ति या व्यक्तियों के वर्ग की क्षतिपूति करेगा ।

अध्ययन: व्याख्या और संबंधित सामग्री

केवल संदर्भ के लिए; कानूनी सलाह नहीं। आधिकारिक हिंदी स्रोत (PDF) →

इस अध्याय की अन्य धाराएँ