MVA धारा 145: परिभाषाएं

मोटर यान अधिनियम, 1988 · अध्याय 11: मोटर यानों का पर-व्यक्ति जोखिमों के विरुद्ध बीमा

अन्य भाषाओं में भी: English

145. परिभाषाएं—इस अध्याय में,—

(क) “प्राधिकृत बीमाकर्ता” से ऐसा बीमाकर्ता अभिप्रेत है, जो भारत में तत्समय साधारण बीमा कारबार कर रहा है और जिसे बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण अधिनियम, 1999 (1999 का 41) की धारा 3 के अधीन स्थापित भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण और साधारण बीमा कारबार (राष्ट्रीयकरण) अधिनियम, 1972 (1972 का 57) के अधीन साधारण बीमा कारबार करने के लिए प्राधिकृत किसी सरकारी बीमा निधि द्वारा रजिस्ट्रीकरण प्रमाणपत्र मंजूर किया गया है ;

(ख) “बीमा प्रमाणपत्र” से धारा 147 के अनुसरण में किसी प्राधिकृत बीमाकर्ता द्वारा जारी कोई प्रमाणपत्र अभिप्रेत है और इसके अंतर्गत ऐसी अपेक्षाओं का, जो विहित की जाएं, अनुपालन करने वाला कवर नोट भी है, और जहां किसी पालिसी के संबंध में एक से अधिक प्रमाणपत्र जारी किए गए हैं या जहां किसी प्रमाणपत्र की प्रति जारी की गई है, वहां यथास्थिति, ऐसे सभी प्रमाणपत्र या वह प्रति भी है ;

(ग) “घोर उपहति” का वही अर्थ होगा, जो भारतीय दंड संहिता, 1860 (1860 का 45) की धारा 320 में उसका है ;

(घ) “हिट एंड रन मोटर दुर्घटना” से ऐसी कोई दुर्घटना अभिप्रेत है, जो ऐसे किसी मोटर यान या मोटर यानों के उपयोग से कारित हुई है, जिनकी पहचान इस प्रयोजन हेतु युक्तियुक्त प्रयास करने के बावजूद भी अभिनिश्चित नहीं की जा सकती ;

(ङ) “बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण” से बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण अधिनियम, 1999 (1999 का 41) की धारा 3 के अधीन स्थापित बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण अभिप्रेत है ;

(च) “बीमा पालिसी” के अंतर्गत बीमा प्रमाणपत्र भी है ;

(छ) “संपत्ति” के अंतर्गत सड़कें, पुल, पुलिया, सेतुक, स्तंभ, वृक्ष, स्तंभ, मील के पत्थर और किसी मोटर यान में वहन किए गए यात्रियों का सामान तथा माल भी हैं ;

(ज) “व्यतिकारी देश” से ऐसा कोई देश अभिप्रेत है, जो ऐसी व्यतिकारिता के आधार पर, जिसे केंद्रीय सरकार द्वारा राजपत्र में, इस अधिनियम के प्रयोजनों के लिए व्यतिकारी देश के रूप में अधिसूचित किया जाए ;

(झ) “पर-पक्षकार” के अंतर्गत सरकार, किसी परिवहन यान का चालक और उसका कोई अन्य सह-कर्मकार भी है ।

अध्ययन: व्याख्या और संबंधित सामग्री

केवल संदर्भ के लिए; कानूनी सलाह नहीं। आधिकारिक हिंदी स्रोत (PDF) →

इस अध्याय की अन्य धाराएँ