MVA धारा 88A: केंद्रीय सरकार की राष्ट्रीय, मल्टी माडल और अंतर्राज्य यात्रियों और मालों के परिवहन के लिए स्कीमें बनाने की शक्ति

मोटर यान अधिनियम, 1988 · अध्याय 5: परिवहन यानों का नियंत्रण

अन्य भाषाओं में भी: English

[88क. केंद्रीय सरकार की राष्ट्रीय, मल्टी माडल और अंतर्राज्य यात्रियों और मालों के परिवहन के लिए स्कीमें बनाने की शक्ति—(1) इस अधिनियम में अंतविष्ट किसी बात के होते हुए भी, केंद्रीय सरकार राजपत्र में अधिसूचना द्वारा, इस अधिनियम के अधीन जारी किसी अनुज्ञप्ति को उपांतरित कर सकेगी या राष्ट्रीय, मल्टी माडल और माल या यात्रियों के अन्तरराज्यिक परिवहन के लिए स्कीमें बना सकेगी तथा निम्नलिखित प्रयोजनों के लिए ऐसी स्कीम के अधीन अनुज्ञप्तियां जारी कर सकेगी या उपांतरित कर सकेगी, अर्थात् :—

(क) अंतिम दूरी संयोजकता ;

(ख) ग्रामीण परिवहन ;

(ग) माल भाड़े और लाजिस्टिक के संचलन में सुधार ;

(घ) परिवहन आस्तियों का बेहतर उपयोग ;

(ङ) क्षेत्र के मितव्ययी स्थायित्व का वर्धन विशेष रूप से प्रतिस्पर्धात्मक, उत्पादकता और दक्षता को समर्थ बनाकर ;

(च) लोगों की पहुंच और गतिशीलता में वृद्धि ;

(छ) पर्यावरण का संरक्षण और वर्धन ;

(ज) ऊर्जा संरक्षण का संवर्धन ;

(झ) जीवन की गुणवत्ता में सुधार ;

(ञ) परिवहन के ढंगों में और उनके बीच परिवहन प्रणाली के एकीकरण और संयोजकता का वर्धन ; और

(ट) ऐसे अन्य विषय, जिन्हें केंद्रीय सरकार उचित समझे :

परंतु केंद्रीय सरकार इस उपधारा के अधीन कोई कार्रवाई करने से पूर्व राज्य सरकारों से परामर्श करेगी ।

(2) उपधारा (1) में अंतविष्ट किसी बात के होते हुए भी, दो या अधिक राज्य, माल या यात्रियों के अन्तरराज्यिक परिवहन के लिए ऐसे राज्यों में प्रचालन के लिए स्कीमें बना सकेंगे :

परंतु केंद्रीय सरकार द्वारा उपधारा (1) के अधीन बनाई गई स्कीमों और दो या अधिक राज्यों द्वारा इस उपधारा के अधीन बनाई गई स्कीमों के बीच किसी प्रतिकूलता की दशा में, उपधारा (1) के अधीन बनाई गई स्कीमें अभिभावी होंगी ।]

अध्ययन: व्याख्या और संबंधित सामग्री

केवल संदर्भ के लिए; कानूनी सलाह नहीं। आधिकारिक हिंदी स्रोत (PDF) →

इस अध्याय की अन्य धाराएँ