भाग XVII – राजभाषा (343 – 351)

अनुच्छेद 343: संघ की राजभाषा

अन्य भाषाओं में भी: English

343. संघ की राजभाषा—(1) संघ की राजभाषा हिन्दी और लिपि देवनागरी होगी ।

संघ के शासकीय प्रयोजनों के लिए प्रयोग होने वाले अंकों का रूप भारतीय अंकों का अंतरराष्ट्रीय रूप होगा ।

(2) खंड (1) में किसी बात के होते हुए भी, इस संविधान के प्रारंभ से पन्द्रह वर्ष की अवधि तक संघ के उन सभी शासकीय प्रयोजनों के लिए अंग्रेजी भाषा का प्रयोग किया जाता रहेगा जिनके लिए उसका ऐसे प्रारंभ से ठीक पहले प्रयोग किया जा रहा था:

परंतु राष्ट्रपति उक्त अवधि के दौरान, आदेश¹ द्वारा, संघ के शासकीय प्रयोजनों में से किसी के लिए अंग्रेजी भाषा के अतिरिक्त हिन्दी भाषा का और भारतीय अंकों के अंतरराष्ट्रीय रूप के अतिरिक्त देवनागरी रूप का प्रयोग प्राधिकृत कर सकेगा ।

(3) इस अनुच्छेद में किसी बात के होते हुए भी, संसद् उक्त पन्द्रह वर्ष की अवधि के पश्चात्‌, विधि द्वारा–

(क) अंग्रेजी भाषा का; या

(ख) अंकों के देवनागरी रूप का,

ऐसे प्रयोजनों के लिए प्रयोग उपबंधित कर सकेगी जो ऐसी विधि में विनिर्दिष्ट किए जाएं ।

1. सं.आ. 41 देखिए ।

आधिकारिक संदर्भ: भारत का संविधान, 1 मई 2024 की स्थिति के अनुसार (हिंदी) · लिंक सत्यापित 2026-09-30

संवैधानिक पाठ और अध्ययन सामग्री केवल संदर्भ और शिक्षा के लिए हैं। यह कानूनी सलाह नहीं है; प्रामाणिक उपयोग के लिए आधिकारिक पाठ देखें। यह चयनित अनुच्छेद संग्रह है, पूरा संविधान नहीं।